<p>रायबरेली। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के प्रभार वाले जिले रायबरेली में डीएम आफिस के नाजिर का चपरासी से पैर दबवाते हुए वीडियो वायरल हुआ है। डीएम आफिस के ठीक सामने के कमरे में नशे में धुत नाजिर की इस हरकत से पूरे विभाग में हड़कम्प मच गया है। फिलहाल अधिकारियों ने अब तक मामले में कोई ठोस कदम नही उठाया है। जानकारी के अनुसार डीएम आफिस के नजारत खाने में तैनात नाजिर पवन कुमार श्रीवास्तव अपने ही कार्यालय में बेंच पर लेटकर चपरासी से पैर दबवा रहे थे। जैसे ही कैमरे चलने की आहत उन्हें महसूस हुई झट ही बेंच पर लेटे नाजिर ने चपरासी को दूर किया और मिनट भर में खड़े हो गए। उनसे पूछा गया कि उन्होंने शराब पी रखी है तो वो जवाब भी नहीं दे पाए। यही नही विभाग के लोग बताते हैं कि कार्यालय में तैनात चपरासी राम लखन को भी नाजिर ने साथ में ही शराब पिलाया था और फिर पैर दबवाने लगे थे। वैसे नाजिर का यह कोई नया और पहला कारनामा नहीं है। स्टाफ के लोगों की माने तो वो बराबर नशे में आकर कार्यालय में बैठ कर काम निपटाते हैं। आपको बता दें कि हाल ही में कोरोना काल के समय में पास बनवाने को लेकर हुई धांधली में भी नाजिर का नाम सुर्खियों में आया था। एक भाजपा नेता ने इन पर घपले का आरोप लगाया था। फिलहाल इस मामले पर जब एडीएम (अपर जिलाधिकारी प्रशासन) राम अभिलाख से बात की गई तो उन्होंने नजारत के मामले को सिटी मजिस्ट्रेट के अंडर में कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया। इस बाबत जब सिटी मजिस्ट्रेट युगराज सिंह से जब बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपर जिलाधिकारी को ही बयान देने का अधिकारी है।</p>
