सवाईमाधोपुर. शहर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। कभी मकानों को निशाना बनाया जा रहा है, तो कभी दुकानों और मैरिज गार्डन से सामान चोरी हो रहा है। अब तो वाहन चोरी की घटनाएं भी आम हो गई हैं। आठ दिन में तीसरी चोरी की घटना से लोगों में रोष है। गत गुरूवार को पुराने शहर में घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी होने की घटना ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है।

लगातार हो रही वारदातों से नगर परिषद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आमजन का कहना है कि पुलिस की गश्त और कार्रवाई में सुस्ती के कारण चोरों के हौसले बुलंद हैं। लगातार हो रही वारदातों ने पुलिस की चौकसी और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बाइक चोरी की वारदात सीसीटीवी में कैद
शहर में गुरुवार देर शाम पुराने शहर में एक और वारदात सामने आई, जब चोर घर के बाहर खड़ी बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित राम सिंह शेखावत निवासी पुराना टीवीएस पटल ने बताया कि शाम करीब 7:50 बजे उनकी बाइक घर के बाहर खड़ी थी। तभी एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर वहां पहुंचा और मौका पाकर बाइक स्टार्ट कर फरार हो गया। घटना का पूरा दृश्य घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। फुटेज में युवक बाइक ले जाते हुए साफ दिखाई दे रहा है। रामसिंह ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी और अपनी बाइक खोजने की गुहार लगाई।

आठ दिन में तीसरी चोरी की वारदात

जिला मुख्यालय पर बीते आठ दिन में तीसरी चोरी की वारदात हुई है। गत गुरूवार को ही आलनपुर स्थित एक मैरिज गार्डन से चोर सोने के जेवरात लेकर भाग गए थे। वहीं पुराने शहर के मुख्य बाजार में भी चोरी की वारदात हुई थी। इन घटनाओं का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। लगातार हो रही वारदातों से नगर परिषद क्षेत्र के लोग भय और असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस को गश्त बढ़ानी चाहिए और चोरों को जल्द पकड़ना चाहिए।