सूरत/अहमदाबाद, गुजरात : भारत और यूरोपियन यूनियन के बीच हुआ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट गुजरात की इंडस्ट्री के लिए गेमचेंजर साबित हो सकता है। खासतौर पर टेक्सटाइल और फार्मा सेक्टर को ड्यूटी फ्री एक्सेस मिलने से गुजरात के एक्सपोर्टर्स को जबरदस्त बूस्ट मिलने की उम्मीद है। इस ट्रेड एग्रीमेंट के बाद गुजरात की टेक्सटाइल और फार्मा इंडस्ट्री में उत्साह की लहर है। फार्मास्युटिकल सेक्टर पर लगने वाले टैरिफ पर करीब 11% की राहत और मेडिकल उपकरणों पर लगभग शून्य ड्यूटी से एक्सपोर्ट में बड़ा उछाल आने की संभावना है। फार्मा कारोबारियों के मुताबिक करीब 572 बिलियन यूरो के संभावित व्यापार से हेल्थ इंडस्ट्री और मजबूत होगी। दूसरी तरफ सूरत के टेक्सटाइल सेक्टर को भी इस व्यापार समझौते से सीधा फायदा होने वाला है। EU द्वारा 12% तक के टैरिफ को घटाकर जीरो करने से अब सूरत के कपड़ा कारोबारी बांग्लादेश और वियतनाम जैसे देशों से बेहतर मुकाबला कर पाएंगे। यूरोपियन यूनियन के करीब 22.9 लाख करोड़ रुपये के टेक्सटाइल इंपोर्ट मार्केट तक सीधी पहुंच मिलने से सूरत के टेक्सटाइल क्लस्टर को बड़ा बाजार मिलेगा। यही वजह है कि सूरत के उद्योगपति यूरोपीय संघ को होने वाले निर्यात पर फोकस कर रहे हैं, उनके मुताबिक आने वाला समय एक्सपोर्ट और गार्मेंटिंग के लिए बहुत सुंदर है।
