राजधानी जयपुर में आज सवेरे से इंद्र देव मेहरबान हैं। आसमान में काली घटाएं छाई हुई हैं व हल्की बूंदाबांदी का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने कहा, आज जयपुर में दिन व रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। शहर में हो रही छितराई बारिश से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। वहीं प्रदेश की बात करें तो आज कई जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का अलर्ट है। आज प्रदेश के पूर्वी संभाग, ढूंढाड़ अंचल, शेखावाटी अंचल, मेवाड़ अंचल, मारवाड़ अंचल और सरहदी जिलों के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
