गोरखपुर से बीजेपी सांसद और फिल्म अभिनेता रवि किशन पर्दे पर अभिनय और संसद में लोगों की आवाज उठाने के साथ ही अब छात्रों को जीवन का पाठ भी पढ़ा रहे हैं। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला एवं संगीत विभाग में प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के तौर पर उन्होंने अपनी पहली क्लास ली। करीब एक घंटे के इस संवाद में रवि किशन ने संघर्ष से सफलता तक के अपने सफर, अनुशासन, अभिनय की बारीकियों और देश सेवा के लिए राजनीति में आने के फैसले पर खुलकर बात की। गोरखपुर के दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के ललित कला एवं संगीत विभाग में सुबह 11 बजे से प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस रवि किशन की क्लास थी। अपने पहले लेक्चर के बाद रवि किशन ने कहा कि जीवन में अनगिनत संघर्ष और ठोकरें खाने के बाद उन्होंने जो कुछ सीखा और हासिल किया है, वही अनुभव अब वह गांव-देहात के गरीब बच्चों तक पहुंचाना चाहते हैं।<br />
